हरियाणा के हिसार जिले में शनिवार को आर्मी ट्रेनिंग के दौरान एक टैंक के दो जवानों के ऊपर चढ़ जाने से भारतीय सेना के दोनों जवानों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहीद जवानों की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने बताया कि यह मामला हिसार जिले के भोजराज गांव में हुआ, जहां ट्रेनिंग के दौरान गलती से एक टैंक की चपेट में आने से दो जवानों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि भोजराज गांव में आर्मी ट्रेनिंग कैंप पर हुए हादसे में दो बहादुर जवान शहीद हो गए हैं। सूचना मिलने पर हिसार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। परिवार वालों के बयान दर्ज कराए जाने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और उसके बाद पार्थिव शरीर सेना को सौंप दिए गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सेना भोजराज गांव में 32 टैंकों के साथ युद्धाभ्यास कर रही थी और इसी दौरान शनिवार की दोपहर करीब एक बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि अभ्यास के दौरान उड़ी धूल के कारण टैंक चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया, जिससे टैंक आगे तैनात दो जवानों के ऊपर से गुजर गया। घटना के तुरंत बाद दोनों जवानों को हिसार मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सैन्य अधिकारियों ने हिसार पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। 22 नवंबर को शवों का पोस्टमार्टम किया गया।
पुलिस अधिकारी अशोक कुंडू ने कहा कि हिसार पुलिस इन दोनों जवानों की शहादत का सम्मान करती है और देश के लिए उनकी शहादत को पूरे सम्मान के साथ याद रखा जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद सेना ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर अपने सुपुर्द ले लिए।
