देश में इलाज का खर्च आम परिवारों के लिए भारी बोझ बना हुआ है। नेशनल हेल्थ अकाउंट्स (एनएचए) 2023-24 और कैग की रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, 21 प्रमुख राज्यों में से 10 में इलाज के कुल खर्च का 40% से 67.1% तक हिस्सा परिवार खुद भर रहे हैं। मेडिकल स्टोर से खरीदी गई दवाइयों का 99.93% और निजी जांच केंद्रों पर होने वाले खर्च का 96.4% बोझ भी जनता पर ही है।

रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य के नाम पर वसूले गए हेल्थ सेस के 43,426 करोड़ रुपए निर्धारित खाते में ट्रांसफर ही नहीं हुए। वहीं, 2019-20 से 2023-24 के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय अपने आवंटित बजट में से 1,32,749 करोड़ रुपए खर्च नहीं कर सका और यह राशि वापस खजाने में लौट गई।

सरकारें जीडीपी का 2.5% स्वास्थ्य पर खर्च करने का लक्ष्य रखती हैं, लेकिन वास्तविक खर्च इससे कम है। आम परिवार अपनी बचत का बड़ा हिस्सा दवाइयों और अस्पतालों पर खर्च कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि दवा और जांच में सरकारी मदद न के बराबर है।

इस बीच, कैंसर की 137 दवाएं आज (9 नवंबर) से सस्ती हो गई हैं। दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की नई कीमतें जारी की हैं, जिनमें 679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50% से ज्यादा घटाए गए हैं। सबसे ज्यादा 96.45% की कमी की गई है। 48 दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि ₹2700 की दवा मरीज को ₹27000 में मिलना नरसंहार जैसा है।