आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद जारी है। रविवार को बेंगलुरु के येलहंका स्थित आवास के बाहर तनातनी देखने को मिली, जहां पुलिस ने अदालत का आदेश दिखाकर शर्मिला को परिसर में जाने से रोक दिया। पुलिस उपायुक्त जी के मिथुन कुमार ने कहा कि अदालत ने स्थायी निषेधाज्ञा जारी की है, जिसके तहत वह वहां नहीं जा सकतीं। आदेश दिखाए जाने के बाद वह मौके से चली गईं। शर्मिला को शहर के एयर फोर्स चौराहे पर रोका गया था।
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अमरावती में जारी बयान में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि अपने आवास पर जाने में क्या गलत है। सूत्रों के अनुसार, देवनहल्ली के वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश की अदालत ने 21 नवंबर को अंतरिम निषेधाज्ञा जारी कर शर्मिला, उनके परिवार के सदस्यों, एजेंटों, प्रतिनिधियों और उनकी ओर से काम करने वाले अन्य लोगों को संपत्ति पर सिलिकॉन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के कब्जे में हस्तक्षेप करने से रोक दिया था। यह निषेधाज्ञा कंपनी की ओर से दायर मुकदमे के बाद जारी हुई, जिसमें उसने दावा किया था कि वह पट्टा समझौते के तहत कानूनी रूप से संपत्ति पर काबिज है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शर्मिला ने बीते महीने जगन से बेंगलुरु स्थित आवास के इस्तेमाल की अनुमति मांगी थी, क्योंकि वह बेटी अंजलि की शादी का रिसेप्शन 25 अक्तूबर को करना चाहती थीं। जगन ने सुरक्षा और निजता का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि शर्मिला का मानना है कि येलहंका स्थित संपत्ति में उनका भी हिस्सा है और उसका इस्तेमाल करना उनका अधिकार है। रिपोर्टों के मुताबिक, रविवार को शर्मिला और पुलिस के बीच करीब 20 मिनट तक बहस चली और अंत में उन्हें मां के साथ होटल जाना पड़ा।
जगन और शर्मिला सालों से अलग हैं। 2021 में शर्मिला परिवार से अलग होकर हैदराबाद चली गईं थीं और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गईं थीं। उन्होंने भाई पर राजनीति में जगह नहीं देने और संपत्तियों पर कब्जा करने के आरोप लगाए थे। उनके पिता दिवंगत वाईएस राजशेखर रेड्डी ने वाईएसआरसीपी की स्थापना की थी।
