कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर सुरक्षा जांच के दौरान गलती से बदले गए 55 लाख रुपये के सोने के गहनों से भरा बैग करीब 2,100 किलोमीटर दूर बेंगलुरु पहुंच गया था। दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद बैग सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 12 नवंबर को बताया था कि बस टर्मिनल के प्रवेश द्वार पर एक्स-रे मशीन के पास गलती से किसी और का बैग उठ गया था। बैग में रखे गहने उसकी बहन की शादी के लिए रखे गए थे। काले रंग के बैकपैक में कपड़े, सोने के गहने, एक आधार कार्ड, एक चार्जर और लगभग 9,000 रुपये नकद थे।

शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, विभिन्न बस मार्गों की जांच की गई, बस टिकटों का सत्यापन किया गया और वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया गया। इसी कड़ी में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि सामने आई और उसकी बस यात्रा का पता लगाया गया, जो बेंगलुरु से जुड़ी थी।

वित्तीय विश्लेषण और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्ध को बेंगलुरु में ट्रेस किया गया, जिसकी पहचान रुद्रप्रयाग के रूप में हुई। पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि बैग की अदला-बदली का अहसास होने पर उसने पीसीआर कॉल करने की कोशिश की थी, लेकिन तब तक वह दिल्ली से निकल चुका था और कॉल दिल्ली कंट्रोल रूम से जुड़ नहीं सकी। पुलिस के अनुसार, उसने बैग को सुरक्षित रखा था और सभी कीमती सामान के साथ उसे वापस कर दिया गया।