अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत अमेरिकी वित्त वर्ष 2023 से अब तक बिना अभिभावक के अकेले पहुंचे 1389 भारतीय बच्चों को हिरासत में लिया गया है। इन बच्चों को अभी भारत डिपोर्ट नहीं किया गया है। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023 में ऐसे 730 बच्चे मिले थे, जो वित्त वर्ष 2024 में घटकर 517, वित्त वर्ष 2025 में 91 और वित्त वर्ष 2026 में 51 रह गए। वित्त वर्ष 2027 के पहले महीने अक्टूबर 2026 में ऐसे केवल दो बच्चे मिले।

यह गिरावट सभी देशों से अकेले आने वाले बच्चों के रुझान से मेल खाती है। वित्त वर्ष 2024 में कुल 1.1 लाख अकेले बच्चे दर्ज किए गए थे, जो वित्त वर्ष 2025 में घटकर 29,584 और वित्त वर्ष 2026 में 9,190 रह गए। अक्टूबर 2026 में विभिन्न देशों के कुल 722 बच्चे बिना अभिभावक के पाए गए।

इमिग्रेशन नेटवर्क से जुड़े जानकारों के मुताबिक, इस गिरावट की बड़ी वजह नियमों का सख्ती से पालन और पकड़े गए लोगों को तेजी से वापस भेजना है। पहले कथित तौर पर नाबालिगों का इस्तेमाल ग्रीन कार्ड दिलाने के माध्यम के रूप में किया जाता था, ताकि माता-पिता या रिश्तेदारों को अमेरिका में कानूनी दर्जा मिलने की संभावना मजबूत हो सके। खबरों के मुताबिक, अब पकड़े जाने पर तुरंत डिपोर्ट किए जाने से यह चलन कम हो रहा है।

इस बीच 2012 में अमेरिका से डिपोर्ट किए गए गुजरात के कड़ी निवासी एक व्यवसायी ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा, जो 12 साल की उम्र से टेक्सास में रह रहा है, अब अपनी शरण से जुड़ी अदालती सुनवाई में जाने से डर रहा है। उसे लगता है कि उसे पकड़कर भारत वापस भेज दिया जाएगा। वह छिपकर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहा है और एक धार्मिक संप्रदाय के सदस्यों के साथ रह रहा है। वित्त वर्ष 2026 में अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों से जुड़े 30,528 मामले दर्ज किए, जिससे मेक्सिको और कनाडा के बाद 21 देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर रहा।