कभी संयुक्त परिवार की पहचान एक ही छत के नीचे रहने वाले दादा-दादी, माता-पिता और बच्चों से होती थी, लेकिन अब शहरों में इसकी नई तस्वीर दिख रही है। बेटा-बहू और बच्चे एक फ्लैट में रहते हैं, जबकि माता-पिता उसी सोसाइटी की दूसरी मंजिल या बगल की बिल्डिंग में। जरूरत पड़ने पर वे कुछ ही मिनटों में एक-दूसरे के पास पहुंच सकते हैं, लेकिन खाने, खर्च, मेहमानों और दिनचर्या के फैसले अपने हिसाब से लेते हैं। महंगे मकान, बच्चों की देखभाल, बुजुर्गों की सुरक्षा और निजी जिंदगी की चाह ने परिवार के इस नए मॉडल को जन्म दिया है। यानी संयुक्त परिवार टूट नहीं रहा, बस उसका पता और रहने का तरीका बदल रहा है।
बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में रहने वाले अमित और नेहा दोनों नौकरी करते हैं। वे उसी हाउसिंग सोसाइटी में रहते हैं, जहां अमित के माता-पिता का फ्लैट है। उनकी बेटी अन्वी स्कूल से लौटने के बाद दादा-दादी के साथ रहती है और शाम को अमित और नेहा उसे अपने घर ले आते हैं। बच्ची को दादा-दादी का साथ मिलता है और माता-पिता को चिंता नहीं रहती। तीज-त्योहार मिलकर मनाए जाते हैं और वीकेंड पर खाना भी साथ खाया जाता है। अमित-नेहा जैसे कई कपल हैं जो उसी सोसायटी या बिल्डिंग में रहते हैं, जिनमें उनके माता-पिता रहते हैं, लेकिन फ्लैट अलग हैं।
इस व्यवस्था में बच्चों को दादा-दादी से पारिवारिक संस्कार और भावनात्मक सुरक्षा मिल सकती है। बुजुर्गों का अकेलापन घटता है और जरूरत के समय मदद उपलब्ध रहती है। लेकिन दो घरों का रखरखाव, मकान की ईएमआई और घरेलू जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। पास रहने के बावजूद नियमित बातचीत न हो तो भावनात्मक दूरी बनी रह सकती है। हेल्पएज इंडिया की रिपोर्ट इंडिया इंटरजनरेशनल बॉन्ड्स बताती है कि बुजुर्गों और युवाओं के बीच भावनात्मक जुड़ाव में साथ रहने की अहम भूमिका है। केवल भौगोलिक नजदीकी नहीं, रोजमर्रा का संपर्क भी जरूरी है।
क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और फैमिली काउंसिलर डॉ. काकोली रॉय के अनुसार, पहले घर भी बड़े होते थे और परिवार भी बड़े होते थे, इसलिए बड़े-बुजुर्गों का दखल उतना ज्यादा नहीं होता था। लेकिन अब छोटे घरों में ये संभव नहीं है। इसलिए लड़ाई-झगड़े से बेहतर है कि एक कैम्पस में अलग-अलग रहें। बदलते समय के साथ यह संयुक्त परिवार का नया रूप है, जिसमें माता-पिता की देखभाल भी है और उनसे नजदीकियां भी, लेकिन जीवन में बहुत ज्यादा दखल नहीं।
