बाहरी दिल्ली के टीकरी कलां की पीवीसी मार्केट में 6 से 12 साल के बच्चे मेडिकल कचरे की छंटाई कर रहे हैं, जिसमें खून से सनी सुइयां, इंजेक्शन, कैनूला और इस्तेमाल की जा चुकी एचआईवी जांच किट शामिल हैं। बच्चे यह काम नंगे हाथों से करते हैं, जिससे उन्हें संक्रमण का खतरा बना हुआ है। मामले में बाल मजदूरी और संक्रमण से जुड़े नियमों की अनदेखी की बात सामने आ रही है।
पीवीसी मार्केट में वर्षों से काम करने वाले लोगों के मुताबिक यहां भारी मात्रा में मेडिकल वेस्ट आता है। खून लगे होने की वजह से कोई वयस्क इनकी छंटाई का काम नहीं करता, इसलिए कुछ रुपये की घंटे की दिहाड़ी पर छोटे बच्चों से यह काम करवाया जाता है। मार्केट में प्लास्टिक कचरे के साथ मेडिकल वेस्ट भी मिला है।
एसडीएम मुंडका शिव कुमार मीणा ने इस मामले में जांच की बात कही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि यह कचरा किन अस्पतालों से यहां भेजा जा रहा है।
