कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इजरायल को लेकर दिए गए एक बयान पर सियासी घमासान मचा है। पिछले सप्ताह अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों की वकालत की थी। उन्होंने कहा था कि भारत की विदेश नीति इस बात पर निर्भर होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है और हमारे कुछ रणनीतिक हित हैं। साथ ही उन्होंने 7 अक्टूबर के हमलों और गाजा में इजरायल की कार्रवाई की भी निंदा की थी। अपनी टिप्पणियों का कुछ हिस्सा उन्होंने सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
इस बयान पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने सार्वजनिक आलोचना की है। सीपीआई (एम) नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया पर कहा कि गांधी की टिप्पणियां फिलिस्तीन पर कांग्रेस के पाखंड को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि गाजा में नरसंहार के समय इजरायल के साथ मजबूत संबंधों की वकालत करना माफी लायक नहीं है।
सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गाजा में नरसंहार को सामान्य बनाने की कोई गुंजाइश नहीं है और इजरायल के साथ मौजूदा रणनीतिक संबंधों को राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर उचित नहीं ठहराया जा सकता।
गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा इजरायल के मुद्दे पर पार्टी में सबसे मुखर आलोचकों में रही हैं। उन्होंने इजरायली सरकार पर नरसंहार का आरोप लगाया था। वहीं सोनिया गांधी ने भी एक लेख में गाजा में इजरायल के नरसंहार के खिलाफ मोदी सरकार की चुप्पी को स्वीकार नहीं किए जाने की बात लिखी थी।
