प्रशांत महासागर में बन रही सुपर अल नीनो की स्थिति का असर पूरे भारतीय उपमहाद्वीप पर पड़ सकता है। रिपोर्ट्स में इसे बीते कई दशकों की सबसे भीषण स्थिति बताया जा रहा है। इससे कहीं बाढ़ तो कहीं भीषण सूखे की आशंका जताई जा रही है।

काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र, बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी के संस्थान ने संयुक्त रूप से तैयार 'हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026' रिपोर्ट में कहा गया है कि अल नीनो के प्रभाव से हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों में आने वाली सर्दियों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि पश्चिमी हिमालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी से बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं, जबकि क्षेत्र के अन्य हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने से जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमा के कुछ हिस्सों में जंगलों और घास के मैदानों में आग की आशंका अधिक से बहुत अधिक जताई गई है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) के मुताबिक लगभग 60 फीसदी संभावना है कि अल नीनो का प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से सबसे भीषण हो सकता है। भारत में अल नीनो के प्रभाव से सूखा पड़ सकता है। मॉनसून में बारिश की कमी से धान, कपास, गन्ना और मक्का जैसी फसलों की बुवाई पिछले साल की तुलना में कम हुई है और उपज पर भी असर पड़ने की आशंका है, जिससे खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ गई हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्य भी सूखे की घोषणा कर सकते हैं।