भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन सेवा आज से शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। यह साप्ताहिक ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से गुजरेगी। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, राजा दशरथ जब राम बारात लेकर जनकपुर पहुंचे थे तब उन्हें चार दिन लगे थे, जबकि अब यह सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा। आम यात्रियों के लिए ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

ट्रेन के रास्ते में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन पड़ेंगे। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम पहुंचेगी। जनकपुर धाम से ट्रेन शनिवार को और अयोध्या कैंट से सोमवार को रवाना होगी। इससे बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास के इलाकों के लोगों को भी फायदा मिल सकता है।

चूंकि यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी, इसलिए बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के चलते जयनगर स्टेशन पर ट्रेन का लंबा ठहराव रखा गया है—जनकपुर से अयोध्या आने के दौरान एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाने के दौरान दो घंटे का। यात्रियों को सफर के दौरान जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज साथ रखने होंगे। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट बनाए जाएंगे, जिनमें यात्रियों की नागरिकता और पहचान पत्र की जानकारी होगी। ये चार्ट जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को भी दिए जाएंगे।

ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं। एसी श्रेणी में थर्ड एसी के 6 और सेकेंड एसी के 2 कोच होंगे, जबकि बाकी 2 कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए होंगे। ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोच नहीं होगा। रेलवे के नियमों के मुताबिक, इसमें आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं रखी गई है, यानी यात्री केवल कन्फर्म टिकट पर ही सफर कर सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से किसी कोटे की व्यवस्था भी नहीं होगी। फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि भारत और नेपाल के बीच पहले से जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा चल रही है, जिसकी शुरुआत 3 अप्रैल 2022 को हुई थी। इससे एक दिन पहले 2 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया था। यह सेवा जयनगर से नेपाल के कुर्था, जनकपुर और बिजलपुरा तक जाती है और इस रेल मार्ग का चालू हिस्सा करीब 52 किलोमीटर लंबा है। इसके आगे बर्दीबास तक विस्तार की योजना है। नई ट्रेन से अयोध्या तक सीधा संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अयोध्या भगवान राम की जन्मस्थली है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है, जहां रामायण में भगवान राम और माता सीता का विवाह बताया गया है। नई सेवा से श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और रास्ते के शहरों में होटल, दुकान, परिवहन और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं।