ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टिट्यूट की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स में भारत ने 100 में से 40.5 पॉइंट हासिल करते हुए तीसरा स्थान पाया है। रैंकिंग में भारत अकेला देश है जिसे मेजर पावर की श्रेणी में रखा गया है। सुपरपावर श्रेणी में अमेरिका (78.9 पॉइंट) और चीन (73.6 पॉइंट) शामिल हैं। पिछले साल यानी 2025 की रैंकिंग में भारत को 40 पॉइंट मिले थे, जबकि इस बार 40.5 पॉइंट मिले हैं। पिछले साल भी भारत को मेजर पावर में स्थान दिया गया था।

एशिया पावर इंडेक्स में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक मजबूती, सैन्य क्षमता, डिप्लोमेसी, सांस्कृतिक प्रभाव और भविष्य के संसाधनों को आधार बनाकर रैंकिंग जारी की जाती है। इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रभाव रखने वाली ताकतों को भी शामिल किया जाता है, जैसे रूस, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और अमेरिका। रिपोर्ट के मुताबिक 2025 और 2026 में आर्थिक क्षेत्र में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

रैंकिंग के मुताबिक भारत के बाद मध्यम श्रेणी की ताकतों में जापान, रूस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, न्यूजीलैंड, ताइवान, फिलीपीन्स और पाकिस्तान का नाम है। छोटी ताकतों की श्रेणी में उत्तर कोरिया, ब्रुनेई, कंबोडिया, बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार, लाओ, मंगोलिया, पपुआ न्यू गिनी और नेपाल को रखा गया है।

रिपोर्ट के अनुसार सेना की ऑपरेशन इफिशिएंशी, सेना की तैयारी और जवानों के उत्साह को लेकर भी अध्ययन किया गया। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत को इस रैंकिंग में फायदा मिला है। वहीं पिछले साल के मुकाबले अमेरिका के पॉइंट कम हुए हैं, जिसके पीछे ईरान युद्ध वजह बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक इतने दिनों के युद्ध के बाद भी अमेरिका किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाया है और अमेरिका की अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान हुआ है।