फिक्की के वार्षिक सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बाद नौकरी और सैलरी पर बहस छिड़ गई है। पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से पूछा था कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स में राहत और 12 लाख तक की आय पर टैक्स छूट दी, तो क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की संख्या और सैलरी बढ़ाई। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि प्रधानमंत्री की बात सही है, लेकिन लाभ का बंटवारा ठीक नहीं हुआ।
थरूर ने कहा कि सरकार कॉर्पोरेट टैक्स कम करके नौकरियां बढ़ाना चाहती है, मगर आज भी नौकरी मिलना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि आईआईटी से ग्रैजुएशन करने वालों को भी नौकरी नहीं मिल पा रही है। उनके अनुसार भ्रष्टाचार एक बड़ी समस्या है और सरकार उस पर लगाम नहीं लगा पा रही है, जिससे नौकरी और सैलरी प्रभावित हो रही है।
थरूर ने कहा कि ईज ऑफ डुइंग बिजनेस पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नियमों को आसान बनाकर और भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर ही नौकरियां बढ़ाई जा सकती हैं। कारोबारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के कारण उनके लिए काम करना आसान नहीं होता।
सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी नारे पर तंज कसते हुए थरूर ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते थे कि ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा, लेकिन अब पता चला कि यह केवल बीफ के बारे में कहा गया था। अलग से पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक के भारत दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते खराब हैं, लेकिन मल्टीलेटरल फोरम की अपनी जगह है। उन्होंने कहा कि बातचीत तभी शुरू हो सकती है जब पाकिस्तान आतंक पर लगाम लगाए और भारत आतंकवाद से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगा।
