इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने शनिवार को संसद के विशेष सत्र से पहले बैठक की। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस बैठक में उपस्थित दलों ने परिसीमन बिल के ख़िलाफ़ मिलकर विरोध करने का फ़ैसला किया है। केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल, राजद के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, सीपीआई के पी. संतोष कुमार, आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर और आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई नेता शामिल हुए। जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। डीएमके, आप और बीजेडी को भी बुलाया गया था, लेकिन इन्होंने हिस्सा नहीं लिया।
करीब दो घंटे चली बैठक के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर विपक्ष की तीन मांगें साझा कीं। इनमें लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखने, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण लागू करने और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखने की मांग शामिल है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे महिला आरक्षण के विरोध में नहीं हैं, उनकी आपत्ति परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर है।
बैठक के बाद खड़गे ने मीडिया से कहा कि परिसीमन विधेयक एससी-एसटी के हितों के ख़िलाफ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस इस क़दम के ज़रिए हमेशा सत्ता में बने रहना चाहते हैं। उधर, डीएमके ने शनिवार को चेन्नई में सांसदों की बैठक के बाद केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक को औपचारिक रूप से समर्थन देने की घोषणा की है। बैठक से पहले कपिल सिब्बल ने कहा था कि विधेयक पारित होने पर लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़कर क़रीब 850 हो सकती है।
