भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा के हरदी डाली क्षेत्र में जूट के बोरों की तस्करी का एक नेटवर्क सक्रिय होने का मामला सामने आया है। खनुआ मार्ग के रास्ते पिकअप और ई-रिक्शा से बड़ी मात्रा में भारतीय जूट के बोरे सीमा के नजदीक बने गोदामों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसके बाद कैरियरों के माध्यम से साइकिल, ठेला और पगडंडियों के रास्ते यह माल नेपाल भेजा जा रहा है। तस्करी के इस नेटवर्क में कई लोगों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि भारतीय बाजार में एक जूट के बोरे की कीमत करीब 35 से 45 रुपये है, जबकि नेपाल में यही बोरा 70 से 90 नेपाली रुपये तक बिकता है। दोनों देशों के बाजारों में कीमतों का यह अंतर तस्करों के लिए मुनाफे का बड़ा अवसर बन रहा है। इसी का फायदा उठाकर सीमा पार जूट के बोरों की अवैध आपूर्ति किए जाने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि पहले भारतीय क्षेत्र में वाहनों के माध्यम से माल एकत्र कर सीमा के नजदीक स्थित गोदामों में रखा जाता है। इसके बाद जरूरत और मांग के अनुसार छोटे वाहनों तथा पैदल कैरियरों के जरिए सीमा पार कराया जाता है। इस काम में साइकिल, ठेला और पगडंडियों का इस्तेमाल किए जाने की बात कही जा रही है। इस नेटवर्क में भारत और नेपाल दोनों देशों में मकान रखने वाले कुछ लोगों की संलिप्तता की भी चर्चा है।
सीमा क्षेत्र में निगरानी और गश्त के बावजूद तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश न लग पाने पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
