तुर्की ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) और संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सदस्यों को पत्र लिखकर भारत और साइप्रस के बीच कथित ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर चिंता जताई है। संयुक्त राष्ट्र में तुर्की के स्थायी प्रतिनिधि अहमद यिल्डिज ने महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को यह पत्र भेजा है। पत्र 4 नवंबर को UNSC और 2 नवंबर को UNGA सदस्यों को भेजा गया। इसे 'उत्तरी साइप्रस तुर्की गणराज्य' के प्रतिनिधि मुरात सोयसल ने जारी किया।
पत्र में तर्क दिया गया है कि विदेशी ताकतों के साथ साइप्रस का बढ़ता सैन्य सहयोग पूर्वी भूमध्य सागर में स्थिरता को कमजोर कर रहा है। इसमें खासतौर पर भारतीय ब्रह्मोस मिसाइलों का जिक्र है। पत्र के मुताबिक, मई 2026 में ग्रीक साइप्रियट नेता निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने नई दिल्ली की यात्रा की थी, जिस दौरान दोनों देशों के रणनीतिक संबंध मजबूत हुए और 650 किलोमीटर रेंज वाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की खरीद पर बातचीत की खबरें सामने आईं। हालांकि, न भारत ने और न साइप्रस ने आधिकारिक तौर पर किसी समझौते की पुष्टि की है। साइप्रस की कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ब्रह्मोस के अलावा कई भारतीय हथियारों की खरीद पर भी बात हो रही है।
तुर्की और साइप्रस के बीच विवाद 1974 में द्वीप के विभाजन और उत्तरी साइप्रस पर नियंत्रण को लेकर है। दक्षिणी हिस्से पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त 'रिपब्लिक ऑफ साइप्रस' का शासन है, जबकि उत्तरी हिस्से पर 'टर्किश रिपब्लिक ऑफ नॉर्दन साइप्रस' का नियंत्रण है, जिसे सिर्फ तुर्की मान्यता देता है। पूर्वी भूमध्यसागर में प्राकृतिक गैस भंडार और समुद्री अधिकार क्षेत्र को लेकर तुर्की तथा साइप्रस और ग्रीस के बीच मतभेद बना हुआ है। तुर्की की 'ब्लू होमलैंड' नीति के तहत वह पूर्वी भूमध्य सागर, एजियन सागर और काला सागर के करीब 4,62,000 वर्ग किलोमीटर समुद्री क्षेत्र पर अधिकार का दावा करता है।
