हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में 'वोट चोर गद्दी छोड़' का नारा लगाने से विवादों में घिरे इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने सफाई दी है। इंडिया टुडे से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका मकसद भारत की घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करना नहीं था। उन्होंने कहा कि यह नारा भारतीय विपक्ष का है और उन्होंने इसे भारतीय विपक्ष तथा वैश्विक लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ एकजुटता दिखाने के लिए लगाया था। फिलिबेक ने कहा कि किसी के साथ एकजुटता से खड़ा होना हस्तक्षेप नहीं होता और उनकी पार्टी दुनिया भर के समाजवादी और लोकतांत्रिक लोगों के साथ काम करती है।

विवाद की शुरुआत हैदराबाद में हुए भारत समिट से हुई, जहां फिलिबेक ने यह नारा लगाया। इस दौरान राहुल गांधी हंसते हुए नजर आए थे। भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान करार देते हुए राहुल गांधी पर हमला बोला था। इटली में प्रधानमंत्री मेलोनी की पार्टी ने भी फिलिबेक पर हमला किया और कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को वोटिंग के बारे में ज्ञान देने की जरूरत नहीं है।

मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया से फिलिबेक के नारे का वीडियो हटाने की मांग वाली याचिका पर अदालत ने 20 नवंबर को सुनवाई की तारीख तय की है। अधिवक्ता सैयद रिजवान अहमद ने आरोप लगाया कि फिलिबेक ने सरकार की आलोचना और विपक्ष के प्रति खुला समर्थन जताकर भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और घरेलू राजनीति में सीधा हस्तक्षेप किया है।

कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपने अभियान में 'वोट चोर गद्दी छोड़' नारे का इस्तेमाल करती है। पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव फिलिबेक भारत समिट में शामिल अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों में से एक थे।