चंडीगढ़। पंजाब के मानसा स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से पंजाब का नाम रोशन हुआ है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर और उनके प्रशिक्षक गुरबिंदर सिंह को 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
शिक्षा मंत्री ने छात्रा की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे पंजाब के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने कहा कि जसप्रीत की मेहनत, लगन और समर्पण प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार आईटीआई में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि नकद पुरस्कार का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों और प्रशिक्षकों को बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने जसप्रीत के माता-पिता, आईटीआई मानसा के प्रिंसिपल और अन्य प्रशिक्षकों को भी बधाई दी। साथ ही प्रदेश के सभी आईटीआई प्रिंसिपलों से विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने की अपील की।
तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप ने भी इस उपलब्धि को पूरे विभाग के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पंजाब सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत हर युवा को कौशल, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है।
