गुजरात की 14 वर्षीय जेन्सी कनाबर ने भारतीय टेनिस में नया इतिहास लिख दिया है। कोलकाता में खेले जा रहे एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में उन्होंने नीदरलैंड्स की फ्लोरेंटाइन डेकर्स को 6-1, 6-0 से हराया। इस जीत के साथ वह प्रोफेशनल सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं।

जेन्सी ने यह उपलब्धि 14 साल 11 महीने की उम्र में हासिल की। उन्होंने सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। सानिया ने साल 2002 में 15 साल 10 महीने की उम्र में हैदराबाद में आईटीएफ सिंगल्स फाइनल में जगह बनाई थी।

बंगाल टेनिस एसोसिएशन कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में जेन्सी को जीत के लिए केवल 54 मिनट का समय लगा। बिना किसी सीडिंग वाली जेन्सी ने कोलकाता में अपने चारों मैच बिना कोई सेट गंवाए जीते हैं।

रविवार को होने वाले फाइनल में जेन्सी का मुकाबला इंडोनेशिया की टॉप सीड प्रिस्का मैडलिन नुग्रोहो से होगा।