'पंचायत 5' के प्रीमियर से पहले इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन स्पेशल गेस्ट के तौर पर फुलेरा पहुंचे हैं। प्राइम वीडियो ने इससे जुड़ा एक मजेदार प्रमोशनल वीडियो जारी किया है, जिसमें पीटरसन गांव के आम निवासी के अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कुर्ता-पायजामा पहने, सिर पर गमछा बांधे, दातून करते और भुटकुन की चाय की चुस्कियां लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वह फुलेरा की मशहूर पानी की टंकी को भी निहारते हैं।
वीडियो में अपना परिचय देते हुए पीटरसन कहते हैं कि वह इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर हैं और लंदन से लेकर सिडनी तक पूरी दुनिया घूम चुके हैं, लेकिन दुनिया में फुलेरा जैसी कोई जगह नहीं है। इसके साथ ही वह फुलेरा के कुछ सबसे चर्चित डायलॉग्स भी अपने अंदाज में बोलते नजर आते हैं।
बताया गया है कि बनराकस (दुर्गेश कुमार) के नए प्रधानपति की भूमिका में आने के साथ फुलेरा का विकास अब वैश्विक स्तर पर पहुंच गया है। सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक सहित कई कलाकार नजर आएंगे।
दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार द्वारा निर्मित 'पंचायत' का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। द वायरल फीवर (टीवीएफ) द्वारा निर्मित इस सीरीज का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज भारत समेत दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध होगी।
