मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को घोषणा की कि रोहित शर्मा एक बार फिर टीम के कप्तान होंगे। रोहित ने 2013 से 2023 तक मुंबई की कप्तानी की थी और इस दौरान टीम ने पांच आईपीएल खिताब जीते। मुंबई ने अब तक जीते सभी पांच खिताब रोहित की कप्तानी में ही जीते हैं। उनके कप्तानी छोड़ने के बाद टीम एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सकी।

मुंबई इंडियंस द्वारा जारी एक इंटरव्यू में रोहित ने बताया कि फ्रेंचाइजी के मालिक आकाश अंबानी ने जब उन्हें दोबारा कप्तान बनने को कहा तो वह शुरू में इसके लिए तैयार नहीं थे। रोहित ने कहा कि उस समय वह अपनी पत्नी से बात कर रहे थे, तभी आकाश का फोन आया और दोनों की मुलाकात तय हुई। बातचीत में टीम को आगे कैसे ले जाया जा सकता है, इस पर चर्चा हुई और इसी दौरान आकाश ने उनसे कप्तानी का सवाल पूछा।

रोहित के मुताबिक, उनका शुरुआती विचार यह था कि वह अभी इस जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं हैं और उन्हें सोचने का समय चाहिए। उन्होंने कहा कि काफी कुछ बदल चुका है और वह नहीं जानते थे कि दोबारा कप्तानी करने की मानसिकता में हैं या नहीं। सोच-विचार के बाद उन्हें लगा कि टीम को दिशा की जरूरत है और यही वजह रही कि उन्होंने अपना फैसला बदला। रोहित ने कहा कि 10 साल उन्होंने इस टीम की कप्तानी की है और अब समय है चुनौती को कबूल करने का।

साल 2024 में मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड कर अपना कप्तान बनाया था। पांड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई के साथ रोहित की कप्तानी में ही की थी। 2022 में वह गुजरात टाइटंस में गए और पहले ही सीजन में टीम को खिताब दिलाया। 2023 में गुजरात ने उनकी कप्तानी में फाइनल खेला, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स से हार गई। इस सीजन पांड्या पंजाब किंग्स में नजर आएंगे, जहां मुंबई ने अर्शदीप सिंह के बदले उन्हें ट्रेड किया है।