बदायूं के ककोड़ा मिनी कुंभ मेले में ग्रामीण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से गंगा स्नान, पूजन और दान-पुण्य कर रहे हैं। स्नान के बाद लोग मीना बाजार और खानपान की दुकानों पर खरीदारी का आनंद ले रहे हैं।

मेले में आसपास के गांवों के साथ दूरदराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कोई ट्रैक्टर-ट्राली से परिवार के साथ आता है तो कोई बैलगाड़ी, साइकिल और मोटरसाइकिल से गंगा तट तक पहुंचता है। घाट पर पहुंचकर श्रद्धालु मां गंगा को नमन करते हैं और आस्था की डुबकी लगाते हैं। स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और लोकमंगल की कामना की जाती है। इसके बाद गंगा पूजन, प्रसाद अर्पित करने और गरीबों को दान-दक्षिणा देने की परंपरा निभाई जाती है। कई परिवार बच्चों के साथ सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करते दिखाई देते हैं।

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं का अगला पड़ाव मेला बाजार बन रहा है। मीना बाजार में महिलाओं की खास चहल-पहल है। कोई चूड़ियां और श्रृंगार का सामान पसंद कर रही है तो कोई घरेलू जरूरतों की वस्तुओं की खरीदारी में जुटी है। बच्चों को खिलौनों की दुकानें आकर्षित कर रही हैं। चाट-पकौड़ी, मिठाइयों और प्रसाद की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ लगी रहती है। मेले में सजी दुकानों पर घोड़ों के साज सज्जा का सामान भी मिल रहा है। ग्रामीणों की इस चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।

मेले में श्रद्धालुओं का आवागमन सुबह से देर शाम तक बना रहता है। दिनभर खरीदारी और घूमने-फिरने के बाद ग्रामीण अपने घरों को लौट जाते हैं और अगले दिन सुबह फिर नए श्रद्धालुओं के साथ कई परिवार गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं।