कानपुर में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के चिकित्सा परीक्षण में गुरुवार को वसूली का सिंडिकेट सक्रिय मिला। जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र में हुए मेडिकल परीक्षण में रीजनल मेडिकल बोर्ड पैनल में शामिल कमलापत मेमोरियल चिकित्सालय (केपीएम) व उर्सुला अस्पताल के डॉक्टरों के नाम पर अभ्यर्थियों से तीन से चार लाख रुपये तक की मांग किए जाने का मामला सामने आया है।

एजेंट के मोबाइल फोन में अभ्यर्थियों से जुड़े वे कागज दिखे, जो सिर्फ पैनल में शामिल डॉक्टर के पास होने चाहिए थे। इन पत्रों को दिखाकर ही एजेंट केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों के परिवार के सदस्यों से मोबाइल फोन पर मिलकर पास कराने के नाम पर रुपये की मांग करते रहे। एजेंट दो से ढाई लाख रुपये में पास कराने का वादा भी करते दिखे। अभ्यर्थी के पत्र एजेंट के पास मिलने से पैनल डॉक्टर पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। चर्चा है कि पिछले कई बार से पैनल में डॉक्टर के नाम बदले नहीं जा रहे हैं, जिससे पैनल गठित करने वाले तंत्र पर भी सवाल उठ रहा है।

इससे पहले 15 अक्टूबर को पुलिस लाइंस में होमगार्ड भर्ती के दौरान घूसखोरी को लेकर विवाद हुआ था और आरोपितों को जेल भेजा गया था। 1947 होमगार्ड अभ्यर्थियों का रिजर्व पुलिस लाइन में 15 से 29 अक्टूबर तक मेडिकल परीक्षण व चरित्र सत्यापन हुआ था। 15 अक्टूबर को अभ्यर्थियों ने उर्सुला अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रवीन कुमार, डॉ. महेश कुमार, घाटमपुर सीएचसी के डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत व कार चालक अजीत पर घूस लेने का आरोप लगाते हुए मारपीट की थी। पुलिस ने चारों को पकड़ा था और दोनों डॉक्टरों को जेल भेजा गया था।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि यह गंभीर मामला है और इसकी जांच कराई जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से जांच करेगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।