गुलाबी ठंड के साथ बाजार में विंटर वियर का नया कलेक्शन आ गया है। कानपुर में ब्रांड आउटलेट से लेकर रेडीमेड कपड़ों की दुकानों तक बॉम्बर जैकेट, ओवरसाइज्ड जैकेट, यूटिलिटी जैकेट, बेसबॉल जैकेट, डबल ब्रेस्टेड कोट, मोबाइल स्क्रीन फ्रेंडली दस्ताने और बीनी कैप सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इनके साथ कनपुरिया लेदर जैकेट का भी खूब क्रेज है।

फैशन डिजाइनरों की मानें तो 90 के दशक का फैशन जेन-जी को खूब भा रहा है और वे आरामदायक चीजों को ही अपने फैशन स्टेटमेंट में शामिल कर रहे हैं। एक मॉल के फैशन आउटलेट में खरीदारी कर रहे युवाओं ने बताया कि वे ढीले-ढाले कपड़ों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो पहनने में आरामदायक हों और लंबे समय तक पहने जा सकें। बॉम्बर और ओवरसाइज्ड जैकेट किसी भी लुक के साथ आसानी से फिट हो जाती हैं, जबकि यूटिलिटी जैकेट के साथ बैग रखने की जरूरत नहीं पड़ती। डबल ब्रेस्टेड कोट कोरियन पैंट जैसे ढीले कपड़ों के साथ आता है, जिससे फॉर्मल लुक आसानी से कैरी किया जा सकता है।

समाजशास्त्रियों की मानें तो इसके पीछे कहीं न कहीं हल्लयू वेव यानी कोरियाई लहर का भी असर है। जेन-जी इंटरनेट मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिये के-ड्रामा और के-पॉप से रूबरू हो रही है, जिसका असर फैशन में दिखने लगा है। जाजमऊ में लेदर जैकेट तैयार करने वाले कारीगरों के मुताबिक अब फिटेड जैकेट के बजाय लूज और ओवरसाइज्ड लेदर जैकेट का ट्रेंड सबसे ज्यादा है, जिन्हें हुडी या स्वेटर के ऊपर आसानी से लेयर किया जा सकता है। अंदर फर या शर्लिंग अस्तर और डबल जिप वाली बाइकर जैकेट भी लोकप्रिय हैं।

फैशन डिजाइनर आस्था मनचंदानी के अनुसार फैशन एक चक्र की तरह चलता है—नया फैशन लोकप्रिय होता है, फिर पुराना पड़कर चलन से बाहर हो जाता है और कई दशक बाद दोबारा लौटता है। फिलहाल जेन-जी 90 के दशक के फैशन को नए लुक में अपना रही है। चूंकि ये फैशन इनोवेटर और आराम पसंद करने वाले हैं, इसलिए लूज फिट या ओवरसाइज्ड कपड़े पसंद कर रहे हैं, जिन्हें रोजमर्रा के काम, कॉलेज जाने या घूमने-फिरने में ज्यादा व्यवहारिक माना जा रहा है। छात्र अद्वैत पांडेय के मुताबिक इन कपड़ों को वर्क फ्रॉम होम और ऑफिस जाने में आसानी से कैरी किया जा सकता है और इनकी देखभाल में भी ज्यादा झंझट नहीं रहती। आइटी कर्मी प्रशांत तिवारी ने भी यही बात कही।