कोच्चि में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और एक छात्र पुलिस कैडेट (एसपीसी) के बीच हुआ संक्षिप्त संवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। रविवार को चेरानल्लूर के एक उच्च विद्यालय की छात्रा एसपीसी की वर्दी में मुख्यमंत्री के पास पहुंची और उन्हें पौधा भेंट किया। सतीशन ने खड़े होकर गुलदस्ता स्वीकार किया और उसे अपने बगल में रख लिया।

इसके बाद छात्रा उनके सामने खड़ी होकर सलामी देती है और उसी मुद्रा में खड़ी रहती है। सतीशन बैठने ही वाले थे कि उनकी नजर सलामी दे रही छात्रा पर पड़ी। पहले सलामी का जवाब न दे पाने का एहसास होते ही वह तुरंत खड़े हुए और मुस्कुराते हुए छात्रा की सलामी का जवाब दिया। इसके बाद छात्रा वहां से चली गई।

इन कुछ सेकंड के क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है। कई यूजर्स ने इसे शिष्टाचार और पारस्परिक सम्मान का क्षण बताया है। ‘एक्स’ पर आदर्श हेगड़े नाम के एक उपयोगकर्ता ने सलामी की मुद्रा में खड़ी रहने के लिए छात्रा की प्रशंसा की और खड़े होकर मुस्कुराते हुए सलामी का जवाब देने के लिए सतीशन की भी सराहना की। उन्होंने इस व्यवहार को विनम्रता का प्रतीक बताया।

इससे पहले सतीशन ने ‘एक्स’ पर वायनाड के दो भाइयों की एक भावुक कहानी साझा की थी, जिन्होंने 85 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की करीब पांच दशकों तक सगे बेटों की तरह सेवा की और बाद में उनकी अंतिम इच्छा पूरे स्नेह एवं सम्मान के साथ पूरी की। सीएम ने इसे केरल के स्थायी मानवीय मूल्यों का हृदयस्पर्शी रूप बताया था।