कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' की लॉन्चिंग के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया और कैंब्रिज के दिनों का एक पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट ले गए थे, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे।
किताब लॉन्चिंग के दौरान मंच से भाषण देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब वह कैंब्रिज में थे, तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से वार्सिटी रेस्टोरेंट चलने को कहा। उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। राहुल गांधी ने बताया कि वह यह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता पहली बार कहां मिले थे।
राहुल गांधी ने आगे बताया कि रेस्टोरेंट पहुंचने पर उन्हें याद है कि वहां पीले रंग का दरवाजा था और एक सज्जन खड़े थे, जिन्होंने पूछा कि वे कितने लोग हैं। दो लोग होने की बात कहने पर उन्हें बैठाया गया और मेन्यू दिया गया। इसके बाद राहुल गांधी ने उनसे कहा कि उनके माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे। उन्होंने दावा किया कि वहां काम करने वाले कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचान लिया और कहा कि उसे वे दोनों याद हैं।
राहुल गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज में रेस्टोरेंट के एक खास पकवान 'चिकन चॉसर' का भी जिक्र किया और मजाकिया लहजे में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्टोरेंट जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए। इसी भाषण में उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसा किसी और घर में नहीं देखा कि खाना खाते समय पापा की गोद में मम्मी बैठी हों। उन्होंने कहा कि उन्हें यह सामान्य बात लगती थी, और जब वे अपने दोस्तों के घर जाते थे तो उनसे पूछते थे कि उनकी मम्मी उनके पापा की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।
