लखनऊ में अनुसंधान अभिकल्प व मानक संगठन (आरडीएसओ) स्टेडियम में 26 से 28 नवंबर तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार और इनोरेल इंडिया प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य रेलवे में आधुनिक तकनीक और नवाचार पर चर्चा करना है। आयोजन में भाप के इंजन से बुलेट ट्रेन तक के सफर को ध्यान में रखते हुए भविष्य की रेल तकनीक की रूपरेखा तय की जाएगी।
प्रदर्शनी और सेमिनार में एआई आधारित ट्रेन आपरेशन, हाइड्रोजन ट्रेनों के विकास, वैकल्पिक ईंधन, ऊर्जा कुशल लोकोमोटिव और स्मार्ट शहरों के लिए शहरी परिवहन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद कई देशों से आए प्रतिनिधि इनोरेल इंडिया प्रदर्शनी का भ्रमण करेंगे।
दूसरे दिन दो प्रमुख तकनीकी सत्र होंगे। अगली पीढ़ी के स्मार्ट रोलिंग स्टॉक के विकास पर सेमिनार में भावी तकनीक पर चर्चा होगी। रेलवे वैल्यू चेन में उभरते अवसर विषय पर रेलवे संपत्तियों के डिजिटल परिवर्तन, हाईस्पीड रेल इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरंग निर्माण की चुनौतियों, स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच, टक्कररोधी तकनीक और कम्युनिकेशन आधारित ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) जैसे पहलुओं पर मंथन किया जाएगा।
शनिवार को सॉफ्टवेयर और सेंसर आधारित कंडीशन मॉनिटरिंग एवं प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस सत्र में रेलवे के रखरखाव में इंटरनेट ऑफ थिंग्स, डिजिटल तकनीक, रिमोट मॉनिटरिंग, डायग्नोस्टिक्स और वैश्विक स्तर की सर्वोत्तम प्रथाओं पर विमर्श होगा। तीनों दिन सत्रों के समापन पर प्रश्नोत्तर और प्रदर्शनी भ्रमण होगा। प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
