महाराष्ट्र सरकार भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक तथा संगठित धांधली रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की तैयारी कर रही है। राज्य सरकार द्वारा भर्ती और प्रतियोगी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए गठित उच्च-स्तरीय समिति की दूसरी रिपोर्ट में यह सिफारिशें की गई हैं। रिपोर्ट 23 नवंबर, 2026 को सरकार को सौंपी गई थी।
सिफारिशों के अनुसार परीक्षाओं से जुड़े संगठित अपराधों में शामिल व्यक्तियों को 7 से 10 साल तक की जेल हो सकती है। ऐसे संस्थानों पर कम से कम 10 करोड़ रुपए का जुर्माना और संपत्ति जब्त करने का भी प्रस्ताव है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करते पाए जाने वाले उम्मीदवारों और अन्य व्यक्तियों को 5 से 10 साल तक की जेल और 50 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है। परीक्षा में गड़बड़ी करने वाली एजेंसियों पर 5 करोड़ रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और उन्हें 8 साल तक परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
समिति ने परीक्षा अपराधों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा कराने की सिफारिश की है। गंभीर मामलों की जांच के लिए विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने और परीक्षा धोखाधड़ी से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अदालतों की सिफारिश की गई है। परीक्षा के बाद उम्मीदवारों को परीक्षा फीस पूरी तरह वापस करने और अस्थायी उत्तर कुंजी पर सही पाई गई आपत्तियों की फीस लौटाने का भी प्रस्ताव है। अगले साल का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर हर साल अक्टूबर तक घोषित करने का सुझाव दिया गया है।
रिपोर्ट में आधार या ‘महा-आईडी’ के जरिए एक बार पंजीकरण की सुविधा, परीक्षा गतिविधियों की निगरानी के लिए त्रि-स्तरीय ‘कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’, एकीकृत मांग-पत्र पोर्टल और हर जिले में जिला कलेक्टर की देखरेख में अलग परीक्षा शाखा बनाने की सिफारिश की गई है। परीक्षा केंद्रों के लिए ‘वेन्यू बैंक’ बनाने तथा परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा के लिए समर्पित प्रौद्योगिकी एवं साइबर सिक्योरिटी सेल बनाने का प्रस्ताव भी है। समिति का गठन 4 सितंबर, 2026 को किया गया था। सिफारिशों को स्वीकार कर लागू किए जाने पर महाराष्ट्र की प्रतियोगी परीक्षा और भर्ती प्रणाली में बड़े बदलाव आ सकते हैं।
