विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था का अनूठा दृश्य देखने को मिला। संत रामलखन दास मुख्य सड़क के किनारे खड़ी एक सजी-धजी गाड़ी श्रद्धालुओं के लिए चलती-फिरती मंदिर और गौशाला का रूप ले चुकी है। गाड़ी पर विराजमान देवी-देवताओं के दर्शन और गौमाता की पूजा के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।
गाड़ी को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इसके ऊपरी हिस्से पर बड़े अक्षरों में ॐ अंकित है। पिछले हिस्से में मां दुर्गा, भगवान गणेश और भगवान शिव की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जबकि दूसरे हिस्से में भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। गाड़ी पर 'जय श्रीकृष्ण' लिखा है और राधेश्याम गौशाला का बैनर भी लगा है।
इस चलती-फिरती गौशाला का मुख्य आकर्षण वहां खड़ी श्वेत गौमाता है, जिसे फूल-माला और तिलक से सजाया गया है और गले में घंटी बांधी गई है। श्रद्धालु श्रद्धाभाव से गौमाता के चरण स्पर्श कर रहे हैं, प्रणाम कर रहे हैं और उसे चारा खिला रहे हैं। भगवा वस्त्र धारण किए एक युवक गौमाता के मस्तक से अपना मस्तक लगाकर आशीर्वाद लेता देखा गया। महिलाएं भी हाथ जोड़कर गौमाता की परिक्रमा और पूजा करती नजर आईं।
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान, दान और गौसेवा से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। गंगा-गंडक संगम पर स्नान करने आए श्रद्धालुओं के लिए यह गाड़ी आस्था का नया केंद्र बन गई है। स्नान के बाद लोग यहां रुककर देवी-देवताओं के दर्शन कर रहे हैं और गौमाता को प्रणाम कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए गौमाता के दर्शन मात्र से सभी देवी-देवताओं के दर्शन का फल प्राप्त होता है। सड़क किनारे भक्ति का यह सजीव दृश्य राहगीरों को भी रुककर दर्शन करने के लिए आकर्षित कर रहा है और गौ रक्षा, गौसेवा तथा भारतीय संस्कृति के प्रति श्रद्धा का संदेश दे रहा है।
