मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर तनाव बना हुआ है। सुप्रीम कोर्ट से दीप जलाने की अनुमति मिलने के बाद राज्य सरकार ने मंगलवार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, दक्षिणी जिलों के 12 पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में कुल 5,618 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते जांच कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री विजय थलपति ने चेन्नई स्थित राज्य सचिवालय में वरिष्ठ कानूनी और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की थी।

इस बीच बीजेपी ने दावा किया है कि उसके प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन समेत करीब 750 पार्टी नेताओं और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारियों को नजरबंद किया गया है। पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया विंग के प्रदेश सचिव शक्ति कृष्णन ने एक्स पर पोस्ट कर यह दावा किया। उनके मुताबिक नागेंद्रन के आवास के बाहर 40 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं और दक्षिण तमिलनाडु के चार जिलों में पार्टी तथा हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारियों को घरों से बाहर निकलने से रोका गया है। बीजेपी नेता ने विजय सरकार पर लोगों को पूजा-अर्चना के अधिकार से वंचित करने का आरोप भी लगाया। ये सभी दावे बीजेपी नेता की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए हैं।

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मदुरै जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा के आदेश के मुताबिक सोमवार रात 9 बजे से 25 नवंबर की सुबह 10 बजे तक सार्वजनिक सभाएं, प्रदर्शन और जुलूस पर रोक रहेगी तथा पहाड़ी पर चढ़ने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों को खुफिया इनपुट मिले थे कि दो समुदायों के लोग बड़ी संख्या में जुट सकते हैं। मंदिर प्रशासन के अधिकृत धार्मिक समारोहों और सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के तहत होने वाली गतिविधियों को छूट दी गई है। मदुरै सिटी पुलिस कमिश्नर ने 23 और 24 नवंबर को पहाड़ी और आसपास के इलाके को ड्रोन के लिए रेड जोन घोषित किया है।

बता दें कि यह विवाद नवंबर 2025 में शुरू हुआ था, जब तत्कालीन डीएमके सरकार ने कानून-व्यवस्था की चिंताओं का हवाला देते हुए दीप जलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मद्रास हाईकोर्ट ने अनुमति देने का निर्देश दिया, जिसे टीवीके सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को एक दिन के लिए पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति दी। इसके बाद राज्य सरकार के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने पुनर्विचार याचिका दाखिल की, जिस पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी।