अटल आवासीय विद्यालय, प्रयागराज में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और 9 में दाखिले की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभिभावक 1 जनवरी 2027 तक ऑफलाइन माध्यम से आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।

विद्यालय ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव, प्रयागराज में स्थित है। जो अभिभावक अपने बच्चों को यहां निशुल्क शिक्षा दिलाना चाहते हैं, वे निर्धारित अंतिम तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र और उसके साथ लगने वाले दस्तावेज प्रयागराज मंडल के सभी जिलों- प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खंड विकास अधिकारी कार्यालय, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जनपदीय श्रम कार्यालय तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। आवेदन फॉर्म भी इन्हीं कार्यालयों से मिलेंगे।

पात्रता के अनुसार, ऐसे नवीनीकृत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने पंजीयन के बाद 30 अक्टूबर 2026 तक कम से कम तीन वर्ष की बोर्ड सदस्यता पूरी कर ली हो। प्रत्येक श्रमिक परिवार के अधिकतम दो बच्चों को अनुमति है। इसके अलावा कोविड के कारण अनाथ बच्चे, जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीयन हो या जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के लिए पात्र हों, भी आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए जन्म तिथि 1 मई 2015 से पहले तथा 31 जुलाई 2017 के बाद नहीं होनी चाहिए, जबकि कक्षा 9 के लिए जन्म तिथि 1 मई 2012 से पहले तथा 31 जुलाई 2014 के बाद नहीं होनी चाहिए।

विद्यालय में कक्षा 6 में कुल 140 सीटें रिक्त हैं, जिनमें 70 छात्रों और 70 छात्राओं के लिए हैं। कक्षा 9 में दो सीटें रिक्त हैं, जिनमें एक छात्र और एक छात्रा के लिए है।