तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आज कार्तिगई दीपम के मौके पर दीप जलाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर 24 नवंबर को दीप जलाने की एक बार की सशर्त अनुमति दी थी। यह स्तंभ सिकंदर बदुशा दरगाह के पास है। तनाव की आशंका के बीच पहाड़ी और आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मौके पर 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। आम लोगों के पहाड़ी पर चढ़ने और दीपथून तक पहुंचने पर रोक है। इलाके में ड्रोन उड़ाने पर भी पाबंदी लगाई गई है और 70 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है।

इस बीच BJP और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर है। BJP नेताओं के दीपम कार्यक्रम में शामिल होने की योजना के बीच उनकी हिरासत को लेकर भी अटकलें हैं। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दीप जलाने की अनुमति पर दोबारा विचार करने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ एक बार दीप जलाने की अनुमति दी है और साफ किया था कि यह आदेश केवल इस साल के आयोजन के लिए है। यह पहाड़ी पर मालिकाना हक या पारंपरिक अधिकारों से जुड़े व्यापक विवाद का फैसला नहीं है और न ही इसे भविष्य के मामलों में कानूनी मिसाल माना जाएगा।

मदुरै जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने 23 नवंबर रात 9 बजे से 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक जिले में BNSS की धारा 163 लागू की है। इसके तहत सार्वजनिक सभाओं, रैलियों, प्रदर्शनों, जुलूसों और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक लगाई गई है। पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई थी कि मदुरै और दूसरे जिलों से दो समुदायों के लोग बड़ी संख्या में जुट सकते हैं, जिससे टकराव और शांति भंग होने की स्थिति बन सकती है। पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन ने 23 और 24 नवंबर को पहाड़ी और आसपास के इलाकों को अस्थायी रेड जोन घोषित किया है, जहां ड्रोन और UAV उड़ाने पर रोक रहेगी। बम निरोधक दस्ते संवेदनशील जगहों की जांच कर रहे हैं।

कार्तिगई दीपम के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। तिरुचिरापल्ली रेलवे डिवीजन के DRM बालक राम नेगी के मुताबिक, यात्रियों के लिए दो होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां टिकट और रिजर्वेशन की सुविधा के साथ पानी और शौचालय की व्यवस्था है। सोमवार को विल्लुपुरम की ओर से 14 और काटपाडी की ओर से 16, कुल 30 ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जबकि मंगलवार को 37 ट्रेनें चलाने की योजना है। भीड़ संभालने के लिए 8 कोच वाली EMU ट्रेन के बजाय 12 कोच वाली ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे सुरक्षा बल के 150 जवान और राज्य पुलिस के करीब 150 जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। यात्रियों के लिए मेडिकल सुविधा, फर्स्ट एड और 108 एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।