हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रहने वाले 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना 25 नवंबर को विवाह के बंधन में बंधेंगे। वृद्धाश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल के मुताबिक, यह इस वृद्धाश्रम के इतिहास में बुजुर्गों की पहली शादी होगी। शादी से पहले दोनों की बिलासपुर न्यायालय में कोर्ट मैरिज होगी, जिसके बाद वृद्धाश्रम में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की रस्में निभाई जाएंगी। इसके बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम के लिए विदा किया जाएगा।

मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग निवासी कन्हैया लाल खेतीबाड़ी से जीवन चलाते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी और लंबी बीमारी के बाद उनकी पत्नी का निधन हो गया था। अपना सब कुछ भाइयों के नाम करने के बाद उन्हें घर से बेदखली का सामना करना पड़ा। इससे वह मानसिक रूप से टूट गए और जंगल में एक गुफा में रहने लगे। वर्ष 2022 में अपना घर वृद्धाश्रम को उनकी हालत का पता चला, जिसके बाद उन्हें वहां सहारा मिला।

कोलकाता निवासी सबीना शिमला घूमने के लिए निकली थीं, लेकिन सफर के दौरान मशोबरा पहुंच गईं। रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक न होने पर वह नारी निकेतन मशोबरा पहुंचीं। चार वर्ष मशोबरा में रहने के बाद उन्हें दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम भेजा गया, जहां उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। दोनों एक-दूसरे के काम में हाथ बंटाने लगे और एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई।

संस्थापक प्रकाश बंसल ने बताया कि दोनों को खुश देखते हुए उनके फैसले का सम्मान करते हुए विवाह करवाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पहली बार किसी वृद्धाश्रम में दो बुजुर्ग जीवनसाथी बनेंगे।