फरीदकोट जिले के गांव मत्ता में संपत्ति और पैसों के विवाद में एक बुजुर्ग की कथित हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की बेटी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बेटे, बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपितों ने पहले बुजुर्ग को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश किया और फिर साफे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। मामला 21 नवंबर की रात का बताया जा रहा है।

शिकायत के मुताबिक, मत्ता निवासी हरजिंदर सिंह की बेटी सुखप्रीत कौर को उनके भाई हरविंदर सिंह उर्फ निक्का ने फोन कर पिता की मौत की जानकारी दी और बताया कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। सूचना मिलने पर सुखप्रीत कौर जब मायके पहुंची तो पिता के गले पर निशान देखकर उन्हें मौत के कारणों पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने अपनी मां से बातचीत की और पुलिस को शिकायत देकर जांच की मांग की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 21 नवंबर को हरविंदर सिंह का साला चरणजीत सिंह भी घर आया हुआ था और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद हरविंदर सिंह ने अपने दोस्त धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंडर उर्फ बकरा और एक अन्य अज्ञात युवक को भी घर बुला लिया और सभी ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि इस साजिश के तहत बहू कोमल ने हरजिंदर सिंह की चाय में नींद की गोलियां मिला दीं और बुजुर्ग के बेहोश होने के बाद रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आरोपितों ने उन्हें काबू में किया। आरोप है कि हरविंदर सिंह, चरणजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह और उनके अज्ञात साथी ने बुजुर्ग के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि कोमल ने साफे से उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनका भाई हरविंदर सिंह अक्सर पिता से पैसों की मांग करता रहता था और पिता का मकान भी अपने नाम करवाना चाहता था, लेकिन हरजिंदर सिंह इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने सुखप्रीत कौर के बयानों के आधार पर हरविंदर सिंह उर्फ निक्का, उसकी पत्नी कोमल, चरणजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंडर उर्फ बकरा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है और मामले की आगामी जांच कर रही है।