कानपुर के फूलबाग में एक सैंडविच दुकानदार ने चौकी प्रभारी पर वसूली और दुकान हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी कोतवाली ने जांच के आदेश दिए हैं।

दुकानदार कार्तिक त्रिपाठी की फूलबाग में बमबम सैंडविच के नाम से दुकान है। आरोप है कि सोमवार रात दुकान के पास लोगों की भीड़ लगी थी, जिसके बाद चौकी प्रभारी वहां पहुंचे और दुकानदार पर भड़क गए। दुकानदार का आरोप है कि चौकी प्रभारी काफी समय से रुपये वसूलने के लिए दबाव बना रहे हैं और रुपये न देने पर दुकान हटवाने की धमकी दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में दुकानदार पुलिसकर्मी से हाथ जोड़कर गुजर-बसर की बात कहता नजर आ रहा है, जबकि पुलिसकर्मी दुकान हटाने की हिदायत दे रहे हैं। दुकानदार का कहना है कि उसके पास खाद्य विभाग का लाइसेंस और बिजली मीटर है तथा नगर निगम से भी बातचीत हो चुकी है और दुकान लगाने की अनुमति है। पीड़ित मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा, लेकिन अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी।

एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि यह रात का मामला है और दुकान के पास लोगों का जमावड़ा लगा था। पुलिस गश्त के दौरान चौकी प्रभारी वहां गए थे और देर रात तक दुकान खोलने से मना किया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपों की जांच कराई जा रही है।