महाराष्ट्र की राजनीति में कांग्रेस विधायक अमित देशमुख द्वारा टीपू सुल्तान की तस्वीर पर माल्यार्पण किए जाने को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने इसकी सराहना की थी, जिस पर शिवसेना (शिंदे गुट) ने आपत्ति जताई है। शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने बातचीत में सिद्दीकी के बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देश की पहचान छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति संभाजी महाराज और वीर सावरकर जैसे महापुरुषों से जुड़ी है। दुबे ने विपक्ष पर वैचारिक भटकाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्दीकी की टिप्पणियों से औरंगजेब के प्रति उनका लगाव उजागर होता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इनका बस चले तो ये हिंदुस्तान का नाम बदलकर पाकिस्तान भी रख दें।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने कांग्रेस विधायक अमित देशमुख द्वारा टीपू सुल्तान की तस्वीर पर माल्यार्पण किए जाने की सराहना की। सिद्दीकी ने कहा था कि अगर उनके हाथ में होता तो वे पूरे भारत के सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में टीपू सुल्तान की तस्वीरें लगवाने का आदेश देते और बच्चों को उनकी बहादुरी के बारे में पढ़ाया जाता।

इस बीच, महाराष्ट्र भाजपा के एमएलसी प्रसाद लाड ने एक्स पर एक खुला पत्र लिखकर एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले को घेरा है। लाड ने पूछा है कि क्या पार्टी नेतृत्व विधायक रोहित पवार द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर लगाए गए आरोपों का समर्थन करता है। रोहित पवार ने 17 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जान लेने वाले विमान हादसे की जांच के बीच मुख्यमंत्री फडणवीस 'वीएसआर वेंचर्स' के संस्थापक वीके सिंह को बचा रहे हैं और उनके सिंह के साथ करीबी संबंध हैं। रोहित पवार इस हादसे के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए जांच राज्य सीआईडी से सीबीआई को सौंपने की मांग कर रहे हैं।

प्रसाद लाड ने अपने पत्र में कहा कि शरद पवार और सुप्रिया सुले को प्रेस कॉन्फ्रेंस, आधिकारिक बयान या सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट करना चाहिए कि वे रोहित पवार की बातों से सहमत हैं या नहीं। लाड के अनुसार, अगर पार्टी मुख्यमंत्री पर लगाए गए इन आरोपों से सहमत नहीं है तो उसे इनका स्पष्ट खंडन करना चाहिए, अन्यथा खुलकर स्वीकार करना चाहिए कि वह रोहित पवार के रुख के साथ खड़ी है।