उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित रमाडा होटल चौराहे का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के नाम पर करने और वहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। यह मांग उन्होंने कलाल खेरिया में आयोजित 32वें सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के दौरान उठाई।
साक्षी महाराज ने कहा कि कल्याण सिंह केवल लोधी समाज ही नहीं, बल्कि सर्वसमाज के लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि देश उन्हें सदैव याद रखेगा। उनके अनुसार इस स्थान का लोधी समाज से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है, इसलिए यहां प्रतिमा स्थापित करना सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी विकास समिति द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में 31 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। सांसद ने नवदंपतियों को सुखी और खुशहाल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम संयोजक प्रकाश राजपूत ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक है, जिससे विवाह में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची और दिखावे पर रोक लगती है तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी सम्मानपूर्वक विवाह कराने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निहाल सिंह भोले ने की और संचालन गिर्राज सिंह राजपूत ने किया। विशिष्ट अतिथि प्रमोद लोधी और साहब सिंह लोधी रहे। इस अवसर पर मिश्रीलाल राजपूत, मोहन सिंह लोधी, विजय सिंह लोधी, तेजवीर सिंह प्रधान, डॉ. लाल सिंह राजपूत, उमेंद्र राजपूत, बबलू लोधी और टिंकू राम लोधी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
