अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा नेता आशीष सूद ने कहा कि विपक्ष के नेता जानबूझकर भारत की आर्थिक उन्नति को नजरअंदाज कर रहे हैं।
ट्रंप ने शुक्रवार को भारत की कम ब्याज दरों और 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ की तारीफ की थी। उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ऊंची ब्याज दरों की आलोचना करते हुए कहा था कि अगर कर्ज लेने की लागत कम की जाए तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था और तेजी से विकास करेगी। ट्रंप ने कहा था कि भारत में ब्याज दरें कम हैं और वहां जीडीपी वृद्धि 7 प्रतिशत है।
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आशीष सूद ने कहा कि ट्रंप ने भारत की शानदार 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ को मान्यता दी है, जो दिखाता है कि भारत की वैश्विक साख बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जहां पूरी दुनिया भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत को मान रही है, वहीं राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता इस पर आंखें मूंदे हुए हैं।
गौरतलब है कि पिछली बार जब ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर तीखा बयान दिया था, तब विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को जमकर घेरा था। भारत पिछले काफी समय से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है, हालांकि विकसित भारत के लक्ष्य के लिए दो अंकों की ग्रोथ की जरूरत बताई जाती है।
