पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने शनिवार को नई दिल्ली के पुराना किला में पहले एससीओ सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम को संबोधित करते हुए हुमायूं और शेरशाह सूरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह किला खुद एक कहानी है, जिसकी बुनियाद हुमायूं ने रखी, जो तैमूर के वंशज हैं और मध्य एशिया से आए थे। बाद में इसे शेरशाह सूरी ने आगे बढ़ाया, जो एक अफगान हैं और अफगानिस्तान से यहां आए थे। मलिक ने कहा कि यही वो विविधता है, जिसे सेलिब्रेट करने के लिए उन्हें यहां बुलाया गया है और इसी को डायलॉग ऑफ सिविलाइजेशन नाम दिया गया है।
मलिक ने कहा कि दोनों शासकों का दिल्ली के पुराना किला के निर्माण से जुड़ाव रहा है और यह ऐतिहासिक किला इतिहास की कई परतों की कहानी समेटे हुए है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी’ यानी दो शासक और एक किला, इतिहास की दो परतें और एक खाई। उन्होंने अपने संबोधन का वीडियो एक्स पर साझा किया और उर्दू में भी लिखा कि यह किला अपने आप में एक कहानी है। हुमायूं दूसरे मुगल सम्राट थे और उनका मकबरा, जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है, पुराना किला से कुछ ही दूरी पर निजामुद्दीन इलाके में है।
भारत पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार शाम को किया था। इस अवसर पर मलिक सहित एससीओ के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित ‘सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां’ विषय पर आधारित सत्र में मलिक ने कहा कि संवाद अलग-अलग पहचानों और विविधताओं के बीच होता है और वे यहां इसी संवाद के लिए आए हैं।
बता दें कि पहलगाम में 2025 में हुए हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के मंत्री पहली बार भारत की यात्रा पर आए हैं।
