प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षा समारोह में जेन-जी यानी युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मोर की आकृति भेंट की। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी और प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी मौजूद रहे।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आयोजित इस समारोह के मंच को गैर-राजनीतिक बताया गया, लेकिन प्रधानमंत्री के संबोधन में युवा आकांक्षाओं, रोजगार, शिक्षा और भविष्य की अर्थव्यवस्था के साथ राजनीतिक संदेशों की झलक दिखी। मोदी ने जेन-जी की सोच, तकनीक के प्रति आकर्षण और रोजगार की चिंता को केंद्र में रखकर सीधा संवाद किया और कौशल आधारित शिक्षा तथा सरकारी उपलब्धियों से युवाओं को जोड़ने की कोशिश की।

रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री ने केवल डिग्री को सफलता का पैमाना मानने वाली परंपरागत सोच से बाहर निकलने की बात कही। उन्होंने काशी की एक युवती के रात 11 बजे सुरक्षित घर पहुंचने के अनुभव और युवाओं के पास पहले कम अवसर होने का जिक्र किया। ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण, एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, पर्यटन, मोबाइल और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण जैसी उपलब्धियां गिनाकर उन्होंने युवाओं को पूर्व की सरकारों के समय की स्थिति और योगी आदित्यनाथ सरकार में बेहतर कानून-व्यवस्था के साथ हुए बदलाव की तस्वीर समझाने की कोशिश की।

माना जा रहा है कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, नियुक्तियों में देरी और पढ़ाई के बाद रोजगार न मिलने के मुद्दों को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस राजनीतिक हथियार बनाती रही हैं। प्रधानमंत्री के इस संवाद को इन नैरेटिव को कमजोर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।