प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो नीतीश सेतु, राघोपुर का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवा हाथ में राजद का झंडा लिए तेजस्वी यादव और लालू यादव जिंदाबाद के नारे लगाते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि युवा पुल पर लगे एनडीए नेताओं के फ्लेक्स-बैनर और पोस्टर नोच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद कुछ युवा पुल पर पहुंचे थे। युवाओं के जुटने और हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें वहां से हटाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल में वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि लोकार्पण के बाद राजद का झंडा लेकर पोस्टर-बैनर फाड़ना और तेजस्वी यादव व लालू यादव के समर्थन में नारे लगाना कहां तक सही है। वहीं कुछ इसे युवाओं का विरोध प्रदर्शन बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं।
वीडियो प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू है। स्थानीय लोगों के अनुसार विरोध का तरीका अलग-अलग होता है, और इस तरह के विरोध को कहां तक जायज माना जाए, इस पर बहस जारी है।
