पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने दिल्ली के पुराना किला में आयोजित SCO सभ्यतागत संवाद मंच पर मुगल शासक हुमायूं और अफगान शासक शेरशाह सूरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुराना किला इतिहास की कई परतों की कहानी कहता है। मलिक के अनुसार, इस किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जो मध्य एशिया के तैमूरी वंश से जुड़े थे, और बाद में शेरशाह सूरी ने इसका निर्माण आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, "एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी यानी दो शासक और एक किला, जिसमें इतिहास की दो परतें हैं।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। मलिक की भारत यात्रा ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने 25 देशों को निमंत्रण भेजा है, जिनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं। पाकिस्तान की भागीदारी पर शेखावत ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान भी आएगा। उनके मुताबिक, दोनों देशों की संस्कृति और सभ्यता का विकास साथ-साथ हुआ है और 1947 के बंटवारे के बाद अलग होने के बावजूद उनकी साझा विरासत में कोई अंतर नहीं है। शेखावत ने कहा था कि भारत चाहता है कि SCO केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत का मंच भी बने।

यह तीन दिवसीय कार्यक्रम बहुपक्षीय SCO आयोजन है, जिसमें अलग-अलग देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस फोरम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था और बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया था।