विदेश में भारतीय अर्थव्यवस्था को 'आर्थिक तबाही' बताने वाले राहुल गांधी पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के ही मुख्यमंत्री ने राहुल के दावों की हवा निकाल दी है। पार्टी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और विकसित देश बन जाएगा।
भाजपा मुख्यालय में शुक्रवार को प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि रेवंत रेड्डी ने स्वीकार किया है कि भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और विकसित देश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि कांग्रेस के ही नेता मानते हैं कि कोई आर्थिक आपदा नहीं है। भंडारी ने आरोप लगाया कि जब राहुल भारतीय अर्थव्यवस्था को आपदा बताते हैं और भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं, तब उनकी ही पार्टी के नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने उनके भारत-विरोधी और अर्थव्यवस्था-विरोधी एजेंडे को उजागर कर दिया है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या राहुल अब अपने ही मुख्यमंत्री के बयान के बाद अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगेंगे।
दरअसल, हैदराबाद में इंडियन रोड्स कांग्रेस के 85वें वार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा था कि भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा और तेलंगाना इसमें तीन ट्रिलियन डॉलर का योगदान देगा। उन्होंने यह भी कहा था कि राष्ट्रीय हित, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और लोगों के कल्याण जैसे क्षेत्रों में राजनीति नहीं होनी चाहिए।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने मंगलवार को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को 'इकोनमिक डिजास्टर' बताते हुए बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। भाजपा ने उनके इस बयान को विदेश में भारत की छवि खराब करने की कोशिश करार दिया है।
