मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार शाम करीब 6.05 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने को तैयार इंडिगो के विमान में तकनीकी खराबी आ गई। विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा था, तभी पायलटों को समस्या का पता चला। स्थिति को भांपते हुए पायलटों ने टेकऑफ रोक दिया और विमान को वापस पार्किंग बे में ले गए। विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। बताया जा रहा है कि विमान में पूर्व सांसद नलिन कुमार कटील भी सवार थे।

इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार उड़ान संख्या 6ई 388 के टेकऑफ से कुछ ही समय पहले तकनीकी समस्या का पता चला। इस बीच स्थानीय खबरों में कहा गया कि टेकऑफ के दौरान विमान के नीचे चिंगारियां दिखीं और उसका एक टायर फट गया। इसके बाद पायलट ने ब्रेक लगाकर विमान को रनवे पर रोक दिया।

हालांकि चिंगारियां दिखने या टायर फटने के दावों की इंडिगो के बयान में पुष्टि नहीं की गई। जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया गया।