मणिपुर में जहरीली स्थानीय शराब पीने से शनिवार को तीन और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। शुक्रवार को 15 लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, 1,000 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थौबल जिले के यैरिपोक, चंदेल, काकचिंग, सुगनू और चकपीकारोंग सहित कई इलाकों के लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे आईसीयू में भर्ती हैं।

इस बीच, केंद्र सरकार ने देश में दवाओं की मंजूरी से जुड़े पुराने और बिखरे रिकॉर्ड को एक जगह लाने की पहल शुरू की है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) स्वीकृत दवाओं का समेकित राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार कर रहा है। इसके लिए दवा नियामक ने फार्मा कंपनियों और उद्योग संगठनों से 1988 से पहले मंजूर दवाओं के अप्रूवल रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। जानकारी के अनुसार, इस प्रक्रिया में एक से अधिक दवाओं के निश्चित अनुपात वाले संयोजन यानी फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन के रिकॉर्ड भी शामिल होंगे और इनकी मंजूरी तथा नियामकीय स्थिति का पता लगाया जाएगा।

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री के वॉलेट से 1.37 करोड़ रुपये कीमत का 1.04 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई अधिकारियों के मुताबिक, 20 नवंबर को मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर दुबई से मस्कट होते हुए हैदराबाद पहुंचे एक यात्री को एयरपोर्ट पर रोका गया। जांच में उसके ट्रॉली बैग में रखे वॉलेट से सोने की नौ छड़ें बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 1,049.76 ग्राम था। सोना 24 कैरेट और 999 शुद्धता का था तथा उस पर यूएई की मार्किंग थी। पूछताछ में यात्री ने बताया कि उसे यह सोना एयरपोर्ट के आगमन टर्मिनल के बाहर इंतजार कर रहे एक अन्य व्यक्ति को सौंपना था, जिसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने उसे भी पकड़ लिया।

पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार शाम एक घर में आग लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और बहू झुलस गए। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है। घायलों में बेटा ध्रुव (21) और बहू नीति (21) शामिल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे घर की पहली मंजिल पर आग लगी और देखते ही देखते धुआं पूरे घर में फैल गया, जिससे परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने ध्रुव और नीति को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि सुनीता एक कमरे में फंसी रह गईं थीं।