देश के उत्तरी राज्यों में सर्दी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं झारखंड में तूफान अकवान के असर से बारिश होने की संभावना है। शनिवार को भी बारिश और खराब मौसम के कारण रांची से 20 फ्लाइट कैंसिल कर दी गईं।
दक्षिणी हिस्से में तमिलनाडु में शीतलहर का असर दिख रहा है। नीलगिरि में कड़ाके की सर्दी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन ऊटी में शनिवार को पहली बार तापमान गिरकर 4.4°C पहुंच गया। कंधाल, ग्लेनमोरगन और थलैकुंधा जैसे निचले इलाकों में सफेद बर्फ की चादर बिछ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का यलो अलर्ट है।
सर्दी के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। राजस्थान के बीकानेर में AQI 311 और भिवाड़ी में 301 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा की गुणवत्ता शनिवार को भी 'खराब' कैटेगरी में रही, जहां AQI 265 दर्ज हुआ। सर्दी में हवा ठंडी और भारी हो जाती है तथा उसकी रफ्तार कम हो जाती है, जिससे प्रदूषक कण जमीन के पास जमा होने लगते हैं।
इसी वजह से पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में पराली जलाने से उठा धुआं पश्चिमी राजस्थान तक पहुंच रहा है। रेगिस्तानी इलाकों में रात को तापमान तेजी से गिरता है, जिससे थर्मल इन्वर्जन की स्थिति बन सकती है। इस दौरान प्रदूषक कण और धुआं ऊपर फैलने के बजाय निचली हवा में ही फंसे रहते हैं। हवा की ऊपरी परत गर्म होने से प्रदूषण को फैलने का रास्ता नहीं मिलता।
