मंगल ग्रह पर NASA के क्यूरियोसिटी रोवर ने नाज्का नाम की जगह पर चट्टानों के भीतर डिस्क के आकार की अजीब संरचनाएं खोजी हैं, जो देखने में आलू के चिप्स जैसी लगती हैं। NASA ने अपने मिशन ब्लॉग में इनकी तुलना डिस्क के आकार के क्रिस्टल से की है। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये संरचनाएं मंगल के भूगर्भीय इतिहास के लिए अहम सुराग साबित हो सकती हैं।

वैज्ञानिकों के लिए इनका आकार जितना दिलचस्प है, उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण इनकी रासायनिक संरचना है। वे यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि ये चिप्स जैसी संरचनाएं किस खनिज से बनी हैं, क्योंकि अंदर मौजूद खनिज बता सकता है कि ये चट्टानें कब और किन परिस्थितियों में बनीं। रोवर ने नाज्का साइट पर एक चट्टान में ड्रिल करके नमूना निकाला और उसे अपने अंदर मौजूद छोटी केमिकल लैब में भेजा, जो चट्टानों और मिट्टी में मौजूद रासायनिक तत्वों और यौगिकों का विश्लेषण करती है।

NASA के मुताबिक, रोवर के पास ChemCam नाम का एक खास उपकरण भी है, जो लेजर की मदद से काम करता है। लेजर की गर्मी से चट्टान की सतह का बहुत छोटा हिस्सा प्लाज्मा बन जाता है और इससे निकलने वाली रोशनी का अध्ययन करके पता चलता है कि उस हिस्से में कौन-कौन से रासायनिक तत्व मौजूद हैं। नाज्का साइट पर वैज्ञानिकों ने Colca नाम की एक खास चिप जैसी संरचना को भी जांच के लिए चुना है। इन संरचनाओं को करीब से देखने के लिए रोवर के रोबोटिक आर्म पर लगे मार्स हैंड लेंस इमेजर (MAHLI) कैमरे का इस्तेमाल किया गया और रात के समय क्लोजअप तस्वीरें लेने की योजना बनाई गई, जिसमें सामान्य सफेद रोशनी के साथ अल्ट्रावॉयलेट LED लाइट का भी इस्तेमाल किया गया।

वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि अगर इन संरचनाओं में ऐसे खनिजों की पहचान हो जाए जो पानी की मौजूदगी से जुड़े होते हैं, तो यह समझने में मदद मिलेगी कि मंगल पर कभी पानी किस रूप में था। बता दें कि क्यूरियोसिटी रोवर अगस्त 2012 में मंगल की सतह पर उतरा था और तब से यह लगातार लाल ग्रह की चट्टानों, मिट्टी और वातावरण का अध्ययन कर रहा है। फिलहाल वैज्ञानिक इन संरचनाओं का पूरा विश्लेषण कर रहे हैं और आने वाले दिनों में जब ChemCam और अन्य उपकरणों से मिले आंकड़े पूरी तरह तैयार हो जाएंगे, तब साफ हो सकेगा कि ये संरचनाएं किस खनिज से बनी हैं और मंगल के इतिहास के बारे में क्या नया बताती हैं।