जम्मू में योजना विकास एवं निगरानी और युवा सेवा व खेल मंत्री मीर सैफुल्लाह ने शनिवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर तीखा सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पार्टी पिछले विधानसभा चुनाव में अपना जनाधार गंवा चुकी है और अब राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) का विरोध ही उसका एकमात्र सहारा रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीपी जनता के बीच अपनी जगह दोबारा बनाने के बजाय सत्तारूढ़ नेकां को निशाना बनाकर वोट हासिल करने की रणनीति अपना रही है।
पूर्व सांसद आगा रुहुल्ला मेहदी के आंदोलन पर मंत्री ने कहा कि सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद उनके पास न संसद का मंच बचा है, न पार्टी में कोई पद और न संगठनात्मक जिम्मेदारी। उनके मुताबिक, सड़कों पर उतरना रुहुल्ला के लिए राजनीतिक पहचान बचाने की मजबूरी है। उन्होंने इस्तीफे को बड़ी गलती बताते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी सियासी जमीन शून्य से तैयार करनी होगी। हालांकि, उन्होंने किसी बाहरी एजेंसी के समर्थन का आरोप लगाने से परहेज किया और कहा कि अंततः चुनावी ताकत का फैसला जनता करती है।
जेकेएसएसबी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े मामलों की जांच उपराज्यपाल के अधीन पुलिस और जांच एजेंसियों का विषय है। उन्होंने कहा कि मौजूदा उमर अब्दुल्ला सरकार को उन मामलों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, जो उसके सत्ता संभालने से पहले के हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।
नेकां में कैबिनेट विस्तार के बाद असंतोष की अटकलों को खारिज करते हुए सैफुल्लाह ने कहा कि मंत्री पद की उम्मीद रखने वाले कुछ विधायकों को जगह नहीं मिल सकी, लेकिन नेतृत्व उनसे बातचीत कर चुका है। उन्होंने दावा किया कि नेकां में संगठनात्मक एकजुटता कायम है। अनुच्छेद 370 की बहाली, राज्य के दर्जे और अलग ध्वज की मांग पर उन्होंने कहा कि पार्टी संवैधानिक दायरे में अपने वादों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। दैनिक वेतनभोगियों के नियमितीकरण सहित चुनावी वादों में देरी का कारण उन्होंने राज्य का दर्जा बहाल न होना बताया और भरोसा दिलाया कि फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला के वादे चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
