उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति तय कर ली है। पार्टी प्रचार अभियान के दौरान प्रदेश सरकार की विफलताओं को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही जनता के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राज्य हितों की रक्षा के लिए अपने संघर्ष को और व्यापक व प्रभावी बनाया जाएगा। यह निर्णय रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा की वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में लिया गया। बैठक में 15 दिसंबर तक के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
इस अवधि में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की तीन-तीन जनसभाएं कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। तीनों नेताओं के कार्यक्रमों की तिथि और समय तय करने की जिम्मेदारी प्रदेश प्रभारी को सौंपी गई है। सैलजा ने अपने छह दिवसीय भ्रमण का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा से आजिज आ चुकी जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लेकर आगामी कार्यक्रमों को गंभीरता और आपसी समन्वय से संचालित करने के निर्देश दिए। संगठन के हर स्तर पर एकजुटता, सक्रियता और जवाबदेही से काम करते हुए आमजन से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाने को भी कहा गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा और गुरदीप सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने बताया कि बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे हस्ताक्षर अभियान पर चर्चा हुई। इससे जुड़े बैनर सोमवार और मंगलवार को सभी जिलों व ब्लाकों से प्रदेश मुख्यालय पहुंच जाएंगे। 26 नवंबर को लोक भवन कूच कर इन्हें राज्यपाल को सौंपा जाएगा। विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार से जुड़े विषयों पर बुकलेट तैयार कर आमजन को वितरित की जाएगी। दो दिसंबर को हरिद्वार में प्रदेश, जिला व ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों का सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि चुनाव घोषणा पत्र का कार्य अंतिम चरण में है और इसके प्रमुख बिंदुओं को पैंफलेट के माध्यम से जनता के बीच रखा जाएगा।
