राजस्थान के टोंक जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने का मामला चर्चा में है। कहा जा रहा है कि निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक मिश्रा की पत्नी प्रियंका शर्मा पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर 2 से सदस्य पद का चुनाव हार गईं थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रचार के दौरान कुछ जगहों पर लगी स्ट्रीट लाइटें उतारने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।

शर्मा ने कहा था कि उन्होंने न तो ये लाइटें लगवाईं और न ही हटवाईं। उनके अनुसार, ये लाइटें भाजपा समर्थक भामाशाहों ने दी थीं और ग्रामीणों ने खुद इन्हें लगवाया था। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि बिजली विभाग लाइटें उतरवा रहा है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि नतीजे आने के बाद बिजली विभाग की गाड़ियां लाइटें वापस ले गईं।

विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि बगड़ी, रानौली समेत चार-पांच गांवों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने लाइटें लगवाई थीं। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी ने बिल का सवाल उठाया, प्रत्याशियों ने बिल भरने से मना किया, जिसके बाद उनकी तरफ से लाइटें हटाने को कहा गया।

इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मामले पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के नेता आशुतोष रांका ने बगैर नाम लिए कहा, 'वोट नहीं दिया, तो लाइट ही उड़ा दी।' फिलहाल प्रत्याशी या पार्टी की ओर से इस पर प्रतिक्रिया नहीं आई है। गौरतलब है कि राज्य के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव नतीजों में कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ा। जिला प्रमुखों का चुनाव 25 नवंबर और पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर को होना है।