क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। पार्टी ज्वाइन करने के साथ ही उन्हें दिल्ली से भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य ने शनिवार को मोर्चा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषणा की, जिसमें चहल को तीन विशेष आमंत्रित सदस्यों में शामिल किया गया। इससे पहले चहल ने दिल्ली में अमर पाल मौर्य से मुलाकात की थी। चहल ने पिछले साल फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, हालांकि वह अभी भी वनडे और टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, चहल ओबीसी जाट समुदाय से आते हैं और उन्हें दिल्ली से पार्टी में शामिल किया गया है। पार्टी चाहती है कि चहल ओबीसी मोर्चा की बैठकों में शामिल हों और उनके जरिए युवाओं तक पहुंच बनाई जाए। उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी जाट समुदाय को अहम माना जा रहा है, खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में, जहां जाटों की अच्छी आबादी है।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों में जाट समुदाय को ओबीसी में शामिल किया गया है। राजस्थान में धौलपुर और भरतपुर को छोड़कर बाकी इलाकों के जाटों को केंद्र की ओबीसी लिस्ट में जगह मिली है, जबकि चहल के गृह राज्य हरियाणा में जाटों को सामान्य वर्ग में रखा गया है। जाट समुदाय को राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली माना जाता है और अनुमान है कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली की करीब 40 लोकसभा सीटों और 160 विधानसभा सीटों पर जाट मतदाताओं का असर पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश में इस समुदाय की आबादी मुख्य रूप से पश्चिमी जिलों में है और इसके ज्यादातर लोग खेती से जुड़े हैं।
भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पाल मौर्य ने कहा कि वह चहल के संपर्क में थे और उन्होंने ही उन्हें पार्टी में शामिल करने का फैसला किया। उनके मुताबिक, चहल ने खुद राजनीति में दिलचस्पी दिखाई थी और भाजपा के साथ काम करने की इच्छा जताई थी। वहीं, चहल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए पार्टी में जगह देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अमर पाल मौर्य का आभार जताया।
